नोएडा के लेबर कैंप में लगी भीषण आग, पूरा सामान जलकर राख, फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत से बुझाई आग
- Shiv Kumar
- 23 Jun, 2026
नोएडा के सेक्टर-126 थाना क्षेत्र स्थित रायपुर के एक लेबर कैंप में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कैंप में रखा सामान उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि कैंप में रखा घरेलू और अन्य उपयोगी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
गैस रिसाव से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह गैस रिसाव बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गैस लीक होने के बाद अचानक आग भड़क गई, जिससे पूरा कैंप इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने के कारण आसपास के लोग दहशत में आ गए।
दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू
दमकल विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। अधिकारियों के अनुसार यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो नुकसान और बड़ा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना को लेकर मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन कैंप में रखा सामान जल गया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






