ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जाधारकों पर चलाया बुलडोजर, 12 करोड़ की जमीन कराई कब्जामुक्त
- Shiv Kumar
- 23 Jun, 2026
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम खोदना खुर्द में करीब 6 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। प्राधिकरण के अनुसार कब्जामुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण और प्लॉटिंग की तैयारियों को ध्वस्त कर दिया गया।
अवैध प्लॉटिंग पर चला अभियान
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक ग्राम खोदना खुर्द के खसरा संख्या 502 की भूमि पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। यह जमीन पहले से ही प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है। शिकायत मिलने के बाद भूलेख और परियोजना विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अतिक्रमण को हटाया।
दो घंटे चली कार्रवाई
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर वर्क सर्किल-2 की टीम ने अभियान चलाया। वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता, सुपरवाइजर, सुरक्षा कर्मियों और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। यह अभियान करीब दो घंटे तक चला। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को दोबारा अवैध निर्माण नहीं करने की चेतावनी भी दी।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्राधिकरण के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में किसी भी जमीन को खरीदने से पहले उसकी पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें। अधिकारियों का कहना है कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना स्वीकृति निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






