ऑपरेशन दहन के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों रुपये की अवैध ड्रग्स किया नष्ट
- Shiv Kumar
- 23 Jun, 2026
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त नशीले पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण किया है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन दहन” के तहत पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में की गई।
ऑपरेशन दहन के तहत बड़ी कार्रवाई
पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग थानों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया। इसमें 2918.67 किलोग्राम गांजा, 18.805 किलोग्राम चरस, 30.4 किलोग्राम डोडा, 120 ग्राम एमडीएमए, 1.77 किलोग्राम ड्रग्स गोलियां और 1.12 किलोग्राम हेरोइन शामिल हैं। इन सभी की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 18 करोड़ 88 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
न्यायालय की अनुमति के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थों के विनिष्टीकरण के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया था। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए और माननीय न्यायालय से अनुमति प्राप्त करने के बाद इन मादक पदार्थों को विधिवत रूप से नष्ट किया गया। यह कार्रवाई पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई।
नशा मुक्त समाज की दिशा में कदम
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लगातार चलाए जा रहे अभियानों का उद्देश्य खासकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखना है, ताकि एक सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस की जनता से अपील
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर दें। पुलिस ने कहा है कि “नशा मुक्त समाज - सुरक्षित भविष्य” के लक्ष्य को पूरा करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






