कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल, लखनऊ हादसे के बाद नोएडा प्रशासन अलर्ट, बिना पंजीकरण वाले सेंटरों पर कार्रवाई तेज
- Shiv Kumar
- 23 Jun, 2026
लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई, के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इसी कड़ी में नोएडा प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बिना पंजीकरण और फायर सेफ्टी मानकों का पालन न करने वाले कोचिंग सेंटरों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है।
जांच अभियान में ताबड़तोड़ छापेमारी
प्रशासन की टीमों ने नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों में जांच अभियान चलाते हुए तीन कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया है। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट शरद, DIOS चंद्रशेखर और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान सेक्टर-113 में दो और सेक्टर-49 में एक कोचिंग सेंटर को सुरक्षा मानकों का पालन न करने और पंजीकरण न होने पर सील किया गया।
बिना पंजीकरण चल रहे सैकड़ों सेंटर
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, नोएडा में फिलहाल केवल 57 कोचिंग सेंटर ही आधिकारिक रूप से पंजीकृत हैं, जबकि सैकड़ों सेंटर बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं। ऐसे संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर प्रशासन ने गंभीर चिंता जताई है।
फायर विभाग की विशेष टीमें सक्रिय
स्थिति को देखते हुए फायर विभाग ने दो विशेष टीमों का गठन किया है, जो लगातार अलग-अलग इलाकों में जाकर कोचिंग सेंटरों की जांच कर रही हैं। जो सेंटर बंद मिले हैं या जांच से बाहर रहे हैं, उन्हें भी आगामी दिनों में जांच के दायरे में लाया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से लगातार जारी रहेगा।
छात्र सुरक्षा पर प्रशासन का सख्त संदेश
अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी कोचिंग संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






