नोएडा में 110 नई बसों का बड़ा तोहफा, यूपीएसआरटीसी तय करेगा रूट, एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी होगी और बेहतर
- Shiv Kumar
- 25 Jun, 2026
नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जल्द ही 110 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी, जिसके बाद जिले में ई-बसों की कुल संख्या 210 हो जाएगी। इससे यात्रियों को बेहतर, किफायती और पर्यावरण अनुकूल सफर की सुविधा मिलेगी।
सेक्टर-82 टर्मिनल से होगा संचालन, तैयारियां तेज
अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में 100 ई-बसों का संचालन सेक्टर-90 स्थित एनएमआरसी डिपो से किया जा रहा है। वहीं, नई 110 बसों का संचालन सेक्टर-82 स्थित सिटी बस टर्मिनल से किया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण के जीएम सिविल एसपी सिंह ने बताया कि नगर विकास विभाग ने बसों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है और संचालन के लिए टर्मिनल को तैयार किया जा रहा है। जल्द ही सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
UPSRTC तय करेगा रूट, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी होगी बेहतर
नई ई-बसों के रूट अभी तय नहीं हुए हैं। इनका निर्धारण उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) करेगा। प्रस्तावित योजना के तहत ये 12 मीटर लंबी एसी ई-बसें नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ते हुए एयरपोर्ट तक चलेंगी। इससे यात्रियों को निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और आवागमन अधिक सुविधाजनक बनेगा।
कुल बेड़ा दोगुना होने से यात्रियों को राहत
फिलहाल जिले में 100 ई-बसें संचालित हो रही हैं और नई 110 बसों के शामिल होने के बाद यह संख्या 210 हो जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही शहर के प्रमुख रूटों पर भीड़भाड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






