Breaking News

नोएडा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 लाख का गांजा पकड़ा, ट्रेन से बंगाल से लाई जा रही थी खेप, 2 तस्कर गिरफ्तार

top-news
नोएडा पुलिस ने 62 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पश्चिम बंगाल से ट्रेन के जरिए गांजा लाकर नोएडा और आसपास इलाकों में सप्लाई करते थे। पुलिस पूरे ड्रग नेटवर्क की जांच में जुटी है।

नोएडा की थाना फेज-1 पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को सेक्टर-8 नर्सरी गेट के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मुजफ्फर अंसारी और टिंकू के रूप में हुई है, जो सेक्टर-9 की जेजे कॉलोनी के रहने वाले हैं।


अलग-अलग बोगियों में छिपाते थे पैकेट

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पश्चिम बंगाल से गांजा छोटे-छोटे पैकेटों में पैक कर ट्रेन के जरिए दिल्ली लाते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए ये पैकेट ट्रेन की अलग-अलग बोगियों में रखे जाते थे।

दिल्ली पहुंचने के बाद सभी पैकेट एक जगह इकट्ठा कर बड़ी बोरियों में भर दिए जाते थे। आरोपी दिल्ली स्टेशन के बजाय आसपास के छोटे स्टेशनों पर उतरकर पुलिस से बचने की कोशिश करते थे।


नोएडा और आसपास इलाकों में होती थी सप्लाई

इसके बाद आरोपी किराए के ऑटो और ई-रिक्शा की मदद से गांजा नोएडा और आसपास के इलाकों में फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचाते थे। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क छात्रों और पीजी में रहने वाले युवाओं को भी टारगेट करता था। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *