Breaking News

सीएम योगी कल करेंगे नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन, जानिए 11 लिफ्ट से लेकर आधुनिक सुविधाओं तक क्या है खास

top-news
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा के सेक्टर-96 स्थित 390 करोड़ रुपये की लागत से बने नए प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन में विभिन्न विभागों के कार्यालय, जनसुनवाई केंद्र, ऑडिटोरियम, डबल बेसमेंट पार्किंग और अत्याधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी।

नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित नए मुख्य प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे। लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक भवन को जनता और प्रशासनिक कार्यों के लिए समर्पित किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ऑडिटोरियम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम से जुड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों, ओएसडी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। कार्यक्रम स्थल को अंतिम रूप देने के साथ सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।


भवन को फूलों से सजाया गया

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे प्रशासनिक भवन को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया जा रहा है। ऑडिटोरियम के बाहर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम से जुड़े करीब 15 स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं, जहां विभिन्न इकाइयों के उत्पाद और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने ऑडिटोरियम, मुख्य भवन और कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सभी तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विशेष सुरक्षा समूह और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।


आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया प्रशासनिक भवन

सेक्टर-96 स्थित यह नया प्रशासनिक भवन दो टावरों में विकसित किया गया है। पहले टावर का क्षेत्रफल 40,824 वर्गमीटर और दूसरे टावर का क्षेत्रफल 14,840 वर्गमीटर है, जबकि ऑडिटोरियम का क्षेत्रफल 1,780 वर्गमीटर रखा गया है। वर्ष 2016 में शुरू हुआ निर्माण कार्य अप्रैल 2026 में पूरा हुआ। टॉवर-2 में अध्यक्ष, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कार्यालय स्थापित किए गए हैं। यहां सामान्य प्रशासन, वित्त, नियोजन, आवासीय भूखंड, भवन, औद्योगिक, वाणिज्यिक, विधि, ग्रुप हाउसिंग, जन शिकायत और सूचना अधिकार प्रकोष्ठ जैसे विभाग एक ही परिसर में संचालित होंगे। भवन में सात मंजिलों के साथ डबल बेसमेंट पार्किंग, 11 आधुनिक लिफ्ट, बोर्ड रूम, कॉन्फ्रेंस रूम और आम नागरिकों के लिए जनसुनवाई केंद्र भी बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *