आज नोएडा-ग्रेटर नोएडा दौरे पर CM योगी, 9, 228 करोड़ की निवेश और विकास परियोजनाओं की देंगे बड़ी सौगात
- Shiv Kumar
- 27 Jun, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गौतमबुद्ध नगर के दौरे पर रहेंगे, जहां वह नोएडा और यमुना सिटी के लिए कुल 9,228 करोड़ रुपये की औद्योगिक और विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पहले जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत जिला प्रशासन करेगा। इसके बाद वह यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) पहुंचकर 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह नोएडा के सेक्टर-96 पहुंचकर नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे और 2,478 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के अंत में वह एमएसएमई कार्यक्रम में शामिल होने के साथ लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।
यमुना सिटी में तीन बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमुना सिटी में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई रफ्तार देने वाली तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। सेक्टर-10 में एसेंट सर्किट्स प्राइवेट लिमिटेड की करीब 3,220 करोड़ रुपये की परियोजना स्थापित होगी, जहां फ्लेक्सिबल पीसीबी, हाई-डेंसिटी इंटरकनेक्टेड पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-8 में अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड की लगभग 3,532 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। 100 एकड़ में बनने वाली इस इकाई में कॉपर क्लैड लैमिनेट्स, पीसीबी असेंबली, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री सेक्टर-10 में स्थापित होने वाली शैल कंपनी की सोलर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भी शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
नोएडा में प्रशासनिक भवन का उद्घाटन, 70 विकास परियोजनाओं को मिलेगी गति
यमुना सिटी के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सेक्टर-96 पहुंचेंगे, जहां करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए नोएडा प्राधिकरण प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 1,045 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का उद्घाटन और 1,434 करोड़ रुपये की 65 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें अगाहपुर से एनएसईजेड तक 608 करोड़ रुपये की लागत से बने एलिवेटेड रोड का औपचारिक उद्घाटन, एक्सप्रेसवे से जुड़ी सीवर लाइन परियोजनाएं, भंगेल एलिवेटेड रोड पर क्लोवर लीफ इंटरचेंज, सेक्टर-145 में आधारभूत ढांचे का विकास, बॉटनिकल गार्डन बस डिपो का नवीनीकरण, एमपी-2 एलिवेटेड रोड पर नॉइज बैरियर और शाहदरा ड्रेन सहित कई सड़क सुदृढ़ीकरण परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सेक्टर-96 में अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है तथा कार्यक्रम स्थलों पर बॉम्ब स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






