ग्रेटर नोएडा पहुंचे CM योगी, 2, 478 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास, नए प्राधिकरण मुख्यालय का भी उद्घाटन
- Shiv Kumar
- 27 Jun, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने तय कार्यक्रम के तहत गौतमबुद्ध नगर पहुंच गए। सबसे पहले वह जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां जिला प्रशासन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद उनका नोएडा पहुंचकर सेक्टर-96 स्थित नए नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय का उद्घाटन करने और 2,478 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने का कार्यक्रम है। पूरे दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम स्थलों पर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
नोएडा में नए प्रशासनिक भवन समेत 70 विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
यमुना सिटी के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सेक्टर-96 पहुंचेंगे, जहां करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से बने नए नोएडा प्राधिकरण प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 1,045 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण और 1,434 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें डीएससी रोड पर अगाहपुर से एनएसईजेड तक बने 608 करोड़ रुपये के एलिवेटेड रोड का औपचारिक उद्घाटन, एक्सप्रेसवे से जुड़ी सीवर लाइन परियोजनाएं, भंगेल एलिवेटेड रोड पर क्लोवर लीफ इंटरचेंज, सेक्टर-145 में आधारभूत ढांचे का विकास, दलित प्रेरणा स्थल के अनुरक्षण कार्य, बॉटनिकल गार्डन बस डिपो का नवीनीकरण, एमपी-2 एलिवेटेड रोड पर नॉइज बैरियर और शाहदरा ड्रेन सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री एमएसएमई कार्यक्रम में शामिल होंगे और लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।
काले झंडे दिखाने जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने रोका, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। समाजवादी पार्टी के कुछ नेता और कार्यकर्ता जेवर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काले झंडे दिखाने के लिए रवाना हुए थे। हालांकि नोएडा पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें कुछ नेताओं के कपड़े फटने की बात सामने आई। पुलिस ने सभी नेताओं को हिरासत में लेकर गाड़ियों में बैठा दिया और जेवर की ओर बढ़ने से रोक दिया। उधर मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सेक्टर-96 में अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है। कार्यक्रम स्थलों पर बॉम्ब स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, एसपीजी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण कर सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






