सीएम योगी के कार्यक्रम के विरोध में सपा का हंगामा, प्राधिकरण भवन पहुंचने से पहले पुलिस ने रोका, सड़क पर धरना
- Shiv Kumar
- 27 Jun, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गौतमबुद्ध नगर दौरे के दौरान शनिवार को राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया। एक ओर मुख्यमंत्री यमुना सिटी और नोएडा में करीब 9,228 करोड़ रुपये की औद्योगिक और विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने पहुंचे, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके दौरे का विरोध करने की कोशिश की। काले झंडे दिखाने के लिए जेवर की ओर बढ़ रहे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों से मौके से हटाया। पूरे घटनाक्रम के दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौकस रही और पुलिस ने किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने दी।
सपा नेताओं का विरोध
समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काले झंडे दिखाने के लिए जेवर की ओर जा रहे थे। सूचना मिलने पर पहले से तैनात पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों में बैठाया गया। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी और कुछ नेताओं के कपड़े फटने की बात भी सामने आई। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए यह कार्रवाई की गई। बाद में सभी प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर स्थिति सामान्य कर दी गई।
सीएम देंगे विकास की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले यमुना सिटी पहुंचकर करीब 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली औद्योगिक परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में स्थापित होने वाली बड़ी कंपनियों की परियोजनाएं शामिल हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री नोएडा के सेक्टर-96 पहुंचेंगे, जहां करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से बने नए नोएडा प्राधिकरण प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 2,478 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें भंगेल एलिवेटेड रोड, सड़क एवं आधारभूत ढांचा विकास, सीवर लाइन परियोजनाएं और अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल, डॉग स्क्वॉड और बॉम्ब स्क्वॉड की तैनाती की गई है, ताकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






