ग्रेटर नोएडा में सीएम योगी का बड़ा ऐलान, अब भारत से होगा इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स का निर्यात, 9, 228 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात
- Shiv Kumar
- 27 Jun, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना सिटी और नोएडा में कुल 9,228 करोड़ रुपये की औद्योगिक एवं विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट निर्माण का बड़ा केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स के लिए भारत अब तक दूसरे देशों पर निर्भर था, अब उनका निर्माण देश में होगा और भविष्य में भारत इन्हें दुनिया के विभिन्न देशों को निर्यात करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश, उद्योग और रोजगार का नया केंद्र बन चुका है।
निवेश को मिली रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और दुनिया का भरोसा देश पर बढ़ा है। उन्होंने बताया कि दक्षिण कोरिया की कंपनियों ने भी उत्तर प्रदेश में निवेश कर यह विश्वास जताया है कि यहां उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल है। उन्होंने कहा कि सरकार की सिंगल विंडो व्यवस्था ने निवेश प्रक्रिया को आसान बनाया है। इसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश आज मोबाइल निर्माण के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स उत्पादन का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराएंगी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देंगी।
जेवर बना विकास केंद्र
सीएम योगी ने कहा कि कभी जेवर क्षेत्र कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के कारण चर्चा में रहता था, लेकिन आज वही इलाका विकास और निवेश की नई पहचान बन गया है। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की प्रगति का प्रतीक है और जल्द ही यहां से व्यावसायिक उड़ानें शुरू होंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि एम्बर ग्रुप और दक्षिण कोरिया की कंपनी के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरिया और उत्तर प्रदेश का ऐतिहासिक संबंध रहा है और यह निवेश दोनों क्षेत्रों के रिश्तों को और मजबूत करेगा।
सपा कार्यकर्ताओं को रोका
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन का प्रयास किया। काले झंडे दिखाने के लिए जेवर जा रहे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को नोएडा पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें कुछ नेताओं के कपड़े फट गए। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वैन के जरिए वहां से हटाया। इसके बाद मुख्यमंत्री नोएडा के सेक्टर-96 पहुंचे, जहां उन्होंने 2,478 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






