क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नवाब सिंह नागर का भव्य स्वागत, बोले- 2027 में फिर भाजपा की होगी शानदार जीत
- Shiv Kumar
- 28 Jun, 2026
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नवाब सिंह नागर को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद शनिवार को सेक्टर-35 स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उनके आवास पहुंचे और फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नवाब सिंह नागर ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने की घोषणा के बाद नोएडा समेत आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उनके आवास पहुंचे। सभी ने मिठाई खिलाकर और फूलों के गुलदस्ते देकर उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी। इस दौरान कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। समर्थकों ने कहा कि नवाब सिंह नागर के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी को आगामी चुनावों में इसका लाभ मिलेगा।
ट्रांसपोर्ट मुद्दों पर बोले
इस मौके पर सयुक्त ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नागर भी पहुंचे। उन्होंने ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ी समस्याओं को नवाब सिंह नागर के सामने रखा। इस पर नवाब सिंह नागर ने भरोसा दिलाया कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े सभी मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से रखा जाएगा और समाधान का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
2027 चुनाव पर भरोसा
मीडिया से बातचीत में नवाब सिंह नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर शानदार जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और संगठन की मजबूती के दम पर भाजपा जनता का विश्वास लगातार जीत रही है। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






