ग्रेटर नोएडा टोल पर हंगामा, कर्मचारियों से अभद्रता के बाद बैरियर तोड़कर फरार हुए चार आरोपी, केस दर्ज

top-news
ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों से अभद्रता, बैरियर तोड़ने और पीछा करने पर टक्कर मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जेवर कोतवाली क्षेत्र में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। टोल कर्मचारियों से अभद्रता, गाली-गलौज और बैरियर तोड़कर वाहन निकालने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टोल प्रबंधन की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।


कर्मचारियों से अभद्रता और जान से मारने की दी धमकी

टोल प्रबंधक अनुज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे मथुरा की ओर से एक स्कॉर्पियो कार टोल प्लाजा पर पहुंची थी। नियमानुसार टोल शुल्क मांगे जाने पर कार सवारों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोप है कि उन्होंने टोल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने जबरन टोल बैरियर तोड़ दिया और तेज रफ्तार में वाहन निकालकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे वाहन का नंबर भी स्पष्ट रूप से सामने आया है।


जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद टोल कर्मचारियों ने अपने वाहन से आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान कार सवारों ने कर्मचारियों की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की और उन्हें धमकाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर गाजियाबाद निवासी कनिष्क, सोहनवीर, निखिल और शंकर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जेवर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *