नोएडा में AC फटने से फ्लैट में लगी भीषण आग, सेक्टर-119 की सोसायटी में मची अफरा-तफरी, आसमान में छाया काला धुआं

top-news
नोएडा के सेक्टर-119 स्थित द अरण्या सोसाइटी के एक फ्लैट में एसी फटने के बाद भीषण आग लग गई। छह दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जबकि फ्लैट में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

सेक्टर-119 स्थित द अरण्य सोसाइटी में रविवार को एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में विस्फोट होने के बाद आग भड़क गई और देखते ही देखते पूरे फ्लैट में फैल गई। आग की ऊंची लपटें और आसमान तक उठता काला धुआं देखकर सोसाइटी के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।


एसी में धमाके के बाद फ्लैट में लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फ्लैट के अंदर लगे एसी में अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में लपटों ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों ने तत्काल फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची छह दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क किया गया।


दमकल विभाग ने शुरू किया राहत कार्य

सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फ्लैट में रखा सामान और घरेलू उपकरण आग की चपेट में आने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिक जांच में एसी में तकनीकी खराबी या विस्फोट के बाद आग लगने की संभावना सामने आ रही है। आग पूरी तरह बुझने के बाद विस्तृत जांच कर नुकसान का आकलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *