युवराज की मौत के बाद भी नहीं जागा नोएडा प्राधिकरण! खुला गड्ढा बना हादसे की वजह

top-news
बैरिकेडिंग नहीं, चेतावनी बोर्ड नहीं... खुला गड्ढा बना जानलेवा जाल! ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित रेल विहार सोसायटी के सामने रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंगाजल पाइपलाइन की मरम्मत के लिए खोदे गए करीब आठ फीट गहरे गड्ढे में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में कार चालक प्रमोद घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि गड्ढे में पानी नहीं भरा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दो दिन से गड्ढा खुला पड़ा था, लेकिन न बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।

बैरिकेडिंग नहीं होने से हुआ हादसा

स्थानीय निवासी सुनील कुमार और आरके अरोड़ा के मुताबिक गंगाजल पाइपलाइन की लीकेज ठीक करने के लिए सड़क के बीचों-बीच गहरा गड्ढा खोदा गया था। लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई इंतजाम नहीं किए गए। गड्ढे के चारों ओर न बैरिकेडिंग लगाई गई और न ही रात में दिखाई देने वाले रिफ्लेक्टर लगाए गए। इसके अलावा खुदाई से निकाली गई मिट्टी भी सड़क पर ही डाल दी गई, जिससे रास्ता काफी संकरा हो गया और वाहनों के लिए खतरा बढ़ गया। इसी दौरान एक कार संतुलन खो बैठी और सीधे गड्ढे में जा गिरी।

प्राधिकरण की कार्यशैली पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और संबंधित विभाग की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई दिनों से गड्ढा खुला पड़ा था, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए गए होते तो इस दुर्घटना को आसानी से टाला जा सकता था। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा, अब कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने याद दिलाया कि इससे पहले सेक्टर-150 में भी खुले गड्ढे में कार गिरने से एक इंजीनियर की जान चली गई थी, लेकिन उसके बाद भी जिम्मेदार विभागों ने कोई सबक नहीं लिया। अब एक और हादसे के बाद लोग दोषियों पर कार्रवाई और निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि गड्ढे में पानी भरा होता तो यह दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी। फिलहाल घायल चालक का इलाज जारी है और स्थानीय लोग प्राधिकरण से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *