ग्रेटर नोएडा में भीषण गर्मी का असर, कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का समय बदला, DM के निर्देश पर आदेश जारी
- Shiv Kumar
- 30 Jun, 2026
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। अब सभी बोर्डों के विद्यालयों में सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही शिक्षण कार्य कराया जाएगा। नया आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और इसका पालन सभी स्कूलों के लिए अनिवार्य होगा।
सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा नया आदेश
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड और जिले में संचालित अन्य सभी बोर्ड के स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। सभी विद्यालयों को निर्धारित समय के अनुसार ही कक्षाएं संचालित करनी होंगी। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षकों की मांग पर प्रशासन ने लिया फैसला
प्राथमिक शिक्षक संघ ने सोमवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम से स्कूलों के समय में बदलाव की मांग की थी। संघ का कहना था कि तेज धूप और बढ़ती गर्मी के कारण छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह मांग की गई थी। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत आदेश जारी कर दिया, जिससे अब जिले के हजारों विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






