Breaking News

नोएडा को मिलेगा नया लेक व्यू पार्क, 21 करोड़ की लागत से बनेगा शानदार पिकनिक स्पॉट, जानिए क्या होगा खास

top-news
नोएडा के सेक्टर-167 में 29 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक लेक पार्क विकसित किया जाएगा। 10 एकड़ झील, एलिवेटेड ट्रैक, ओपन जिम, हजारों पेड़ और 1000 वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाओं से लैस यह परियोजना शहर का नया आकर्षण बनने जा रही है।

नोएडा की पहचान अब केवल ऊंची इमारतों तक सीमित नहीं रहेगी। शहर को जल्द ही एक अत्याधुनिक और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर लेक पार्क की सौगात मिलने जा रही है। सेक्टर-167 में करीब 29 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस मेगा लेक पार्क का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। इस परियोजना के तहत लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विशाल झील तैयार की जाएगी। नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। पार्क को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां आने वाले लोगों को प्रकृति के बीच सैर, मनोरंजन और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें। यह परियोजना शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होने की उम्मीद है।


झील, एलिवेटेड ट्रैक और आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस पार्क
नोएडा प्राधिकरण पार्क को प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप विकसित करेगा। झील के चारों ओर हरियाली के साथ पैदल चलने के लिए ट्रैक, कच्चा वॉकिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया, फूड जोन, बैठने की विशेष व्यवस्था, सेंट्रल प्लाजा, फाउंटेन, ऑक्सीजन वैली, लाइफ ब्रीथ जंगल और तालाब जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत झील के ऊपर बनाए जाने वाले दो एलिवेटेड ट्रैक होंगे, जिनके माध्यम से लोग झील के बीच तक पहुंचकर प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकेंगे। यह नोएडा का पहला ऐसा पार्क होगा, जहां इतने बड़े जलाशय के साथ आधुनिक मनोरंजन सुविधाएं एक साथ उपलब्ध होंगी।


हजारों पेड़ और 1000 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था
पार्क को हराभरा बनाने के लिए हजारों छायादार और ऑक्सीजन देने वाले पेड़ लगाए जाएंगे। इनमें 2,294 बरगद, 2,900 पीपल, 3,800 नीम, 3,240 पिलखन और 1,590 इमली के पौधे शामिल होंगे। परियोजना पर 21 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। पार्क में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए मुख्य प्रवेश द्वार के पास करीब 1000 वाहनों की क्षमता वाली खुली पार्किंग भी विकसित की जाएगी। चूंकि यह क्षेत्र ग्रीन बेल्ट के रूप में चिन्हित है, इसलिए पार्किंग के लिए किसी स्थायी भवन का निर्माण नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि यह लेक पार्क नोएडा में पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को नई पहचान देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *