नोएडा में कार में बैठाकर मोबाइल से खाते खाली करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, आईफोन-16 और कार बरामद
- Shiv Kumar
- 01 Jul, 2026
नोएडा के सेक्टर-49 थाना पुलिस ने राह चलते लोगों को कार में बैठाकर लूटपाट करने और उनके बैंक खातों से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करने वाले चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का आईफोन-16, स्मार्ट वॉच, चार्जर, आधार कार्ड, 2,300 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार 29 जून को पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सेक्टर-50 के पास कुछ युवकों ने उसे कार में बैठाकर मोबाइल, चार्जर, पावर बैंक और नकदी छीन ली। इसके बाद मोबाइल का लॉक खुलवाकर उसके बैंक खाते से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ली। शिकायत मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से खुला मामला
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा लिया। जांच के दौरान 30 जून को सेक्टर-50 के सामने से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित, नितिन, विवेक और ऋषि के रूप में हुई है। सभी फिरोजाबाद जिले के रहने वाले हैं और कुछ समय से दिल्ली-एनसीआर में रहकर मजदूरी व वाहन चलाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन-16, स्मार्ट वॉच, चार्जर, आधार कार्ड, 2,300 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई ऑरा कार भी बरामद कर ली। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले राह चलते लोगों को बहाने से कार में बैठाते थे, फिर डराकर उनका सामान लूट लेते थे।
मोबाइल का लॉक खुलवाकर खातों से ट्रांसफर करते थे पैसे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। किसी भी व्यक्ति को कार में बैठाने के बाद उससे मोबाइल छीन लेते और धमकाकर फोन का लॉक खुलवा लेते थे। इसके बाद मोबाइल बैंकिंग ऐप का इस्तेमाल कर पीड़ित के खाते से रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और इस तरह की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि पूछताछ में और मामलों का खुलासा होता है तो उनके खिलाफ अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






