यमुना एक्सप्रेसवे टोल विवाद: टोल बंद करने के फैसले पर किसानों का विरोध तेज, जेवर टोल पर बड़े आंदोलन की तैयारी

top-news
ग्रेटर नोएडा में भारतीय किसान यूनियन भानू संयुक्त मोर्चा ने यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल सुविधा बंद किए जाने के विरोध में जेवर टोल पर बड़े आंदोलन का ऐलान किया। किसानों ने सर्विस रोड, भूखंड और अतिरिक्त मुआवजे समेत कई मांगें उठाईं।

यमुना एक्सप्रेसवे पर किसान संगठनों के वाहनों के लिए टोल सुविधा समाप्त किए जाने के विरोध में बुधवार शाम भारतीय किसान यूनियन भानू संयुक्त मोर्चा ने कनारसी गांव में आपात बैठक बुलाई। बैठक में किसान नेताओं ने यमुना एक्सप्रेसवे प्रबंधन और यमुना विकास प्राधिकरण (YDA) के फैसले का विरोध करते हुए जल्द बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय प्रमुख उपाध्यक्ष अजब सिंह कसाना ने की, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष राजकुमार नागर ने किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसान हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में मौजूद सभी किसान संगठनों ने एकमत होकर आंदोलन की रणनीति तैयार करने पर सहमति जताई।


जेवर टोल पर ट्रैक्टरों के साथ प्रदर्शन की तैयारी

बैठक में फैसला लिया गया कि सभी किसान संगठन आपसी तालमेल के साथ जल्द ही जेवर टोल प्लाजा पर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने घोषणा की कि आंदोलन में करीब 100 ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों के साथ किसान जेवर टोल की ओर कूच करेंगे। किसान नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।


सर्विस रोड, भूखंड और अतिरिक्त मुआवजे की उठाई मांग

किसान नेताओं ने मांग रखी कि जीरो पॉइंट से आगरा तक यमुना एक्सप्रेसवे की मूल शर्तों के अनुसार सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए। इसके अलावा एक्सप्रेसवे परियोजना से प्रभावित किसानों को 7 प्रतिशत आवासीय भूखंड और 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर (मुआवजा) भी दिया जाए। उनका कहना था कि जब तक ये सभी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता मास्टर महकार नागर, राष्ट्रीय सलाहकार अशोक ठाकुर, राष्ट्रीय सचिव रईस ठाकुर, प्रदेश सचिव ताहिर पठान, प्रदेश महासचिव जब्बार, मुनीम नागर, टीकम नागर, सुखबीर नागर, शकील, सलाउद्दीन, बारिश भाटी, जाविद, अमरूद्दीन सैफी, बिखलेश ठाकुर समेत बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *