सहकारिता सप्ताह में जेवर के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित

top-news
सहकारिता सप्ताह के तहत गौतमबुद्धनगर के जेवर विकासखंड में ग्रामीण विकास विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के तहत गुरुवार को गौतमबुद्धनगर के विकासखंड जेवर कार्यालय में "सहकारिता का ग्रामीण विकास में योगदान" विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सहकारिता के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सहकारिता की भावना विकसित करना और ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका से उन्हें परिचित कराना रहा।


सहकारिता के महत्व पर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं समाजसेवी गोपाल कृष्ण अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जेवर ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी मौजूद रहीं। इस दौरान विद्यार्थियों को सहकारिता के सिद्धांतों, विभागीय योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में सहकारी संस्थाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ लोगों की भागीदारी भी बढ़ाई जा सकती है। विद्यार्थियों को समाज और गांव के विकास में सहयोगात्मक सोच अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।


प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मिला सम्मान

निबंध प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन ने किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) विवेक यादव, अपर सांख्यिकी अधिकारी शिवानी सिंह, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) मोहम्मद हसीब, शगुफ्ता मोबिन, अश्वनी यदुवंशी, समिति सचिव सहित विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *