ग्रेटर नोएडा में APK फाइल बनी साइबर जाल, डाउनलोड करते ही खाते से निकले 65 हजार रुपये

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। साइबर अपराधियों ने मोबाइल का नियंत्रण लेकर दो बैंक खातों से 65 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस मामले की जांच कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में एक व्यक्ति एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद साइबर ठगी का शिकार हो गया। अज्ञात साइबर अपराधियों ने मोबाइल का नियंत्रण अपने हाथ में लेकर पीड़ित के दो बैंक खातों से कुल 65 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने गुरुवार शाम दनकौर कोतवाली की साइबर सेल और संबंधित बैंक शाखाओं में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से अज्ञात फाइल या लिंक डाउनलोड न करने की अपील की है।


सोशल मीडिया पर भेजी गई फाइल बनी ठगी का जरिया

रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के खेरली भाव गांव निवासी इदरीश ने बताया कि उनके बचत खाते दनकौर कस्बे की दो अलग-अलग बैंक शाखाओं में हैं। गुरुवार सुबह उन्हें सोशल मीडिया के एक ऐप पर किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से एक एपीके फाइल भेजी गई। तकनीकी जानकारी न होने के कारण उन्होंने फाइल डाउनलोड कर उस पर क्लिक कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि फाइल डाउनलोड होते ही उनका मोबाइल साइबर ठगों के नियंत्रण में चला गया। इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खातों तक पहुंच बनाकर अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 65 हजार रुपये निकाल लिए।


बैंक संदेश से खुली ठगी की पोल, पुलिस ने जारी की चेतावनी

मोबाइल पर बैंक से लेनदेन के संदेश मिलने के बाद इदरीश को ठगी का पता चला। उन्होंने तुरंत संबंधित बैंक शाखाओं से संपर्क कर खाते सुरक्षित कराने का प्रयास किया और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। दनकौर कोतवाली के साइबर सेल प्रभारी अनुराग मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिल गई है और साइबर अपराधियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई एपीके फाइल, संदिग्ध लिंक या अनजान ऐप को डाउनलोड न करें, क्योंकि इससे मोबाइल और बैंक खातों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *