ग्रेटर नोएडा में पशु प्रेमी महिला ने पड़ोसी पर मारपीट का लगाया आरोप, दनकौर थाने में शिकायत दर्ज
- Shiv Kumar
- 03 Jul, 2026
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-22डी स्थित एक आवासीय सोसायटी में पड़ोसियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पशु प्रेमी महिला वसुधा वधावन ने अपनी पड़ोसी पर मारपीट, अभद्रता और लगातार मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता ने गुरुवार रात दनकौर कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
पशु प्रेम को लेकर पहले भी हो चुके हैं विवाद
शिकायत के अनुसार, वसुधा वधावन का कहना है कि वह पशु प्रेमी हैं और इसी बात को लेकर उनकी पड़ोसी उनसे रंजिश रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी कई बार इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद और कहासुनी हो चुकी है। इन घटनाओं की शिकायत दनकौर कोतवाली में भी की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसी महिला लगातार उन्हें परेशान कर रही है, जिससे वह मानसिक तनाव में रह रही हैं।
मारपीट के आरोप की जांच में जुटी पुलिस
वसुधा के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 6 बजे वह अपने फ्लैट के बाहर मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोसी महिला ने उनसे कहासुनी शुरू कर दी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पीड़िता का कहना है कि इस घटना में उन्हें चोटें भी आई हैं। घटना के बाद उन्होंने दनकौर कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






