नोए़डा में डायल-112 पुलिसकर्मियों ने प्लांट कर्मचारी के साथ लात-घूंसों से की मारपीट, घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद

top-news
नोएडा के बहलोलपुर स्थित पानी प्लांट में डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों पर कर्मचारी से मारपीट का आरोप लगा है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के बहलोलपुर स्थित एक पानी प्लांट में डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों पर कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों के जूते पर पानी गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद प्लांट में मौजूद कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना में एक कर्मचारी घायल हो गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।


जूते पर पानी गिरने के बाद शुरू हुआ विवाद, कर्मचारी को पीटने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहलोलपुर स्थित पानी प्लांट में डायल-112 पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे थे। इसी दौरान कथित रूप से एक पुलिसकर्मी के जूते पर पानी गिर गया, जिसके बाद कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके चेहरे से खून बहने लगा। घटना के समय प्लांट में मौजूद अन्य लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।

CCTV में कैद हुई घटना, वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल

पूरी घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले की जानकारी सामने ने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों की ओर से वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *