Now नोएडा खबर का असर, युवक की पिटाई करने वाले सिपाही पर एक्शन, DCP सेंट्रल ने किया सस्पेंड, जांच के आदेश
- Shiv Kumar
- 03 Jul, 2026
नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के बहलोलपुर स्थित एक आरो प्लांट में कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन हुआ है। 'नाउ नोएडा' पर खबर प्रसारित होने और घटना का वीडियो सामने आने के बाद डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक राजपत्रित अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मामूली विवाद में हुई इस मारपीट ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। घायल कर्मचारी का वीडियो और प्लांट में लगे सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
मामूली बात पर कर्मचारी के साथ की गई मारपीट
जानकारी के अनुसार, बहलोलपुर स्थित पानी के प्लांट पर डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मी पहुंचे थे। इसी दौरान कथित तौर पर पुलिसकर्मी के जूते पर पानी गिर गया। आरोप है कि इस छोटी-सी बात को लेकर पुलिसकर्मियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी और एक कर्मचारी को लात-घूंसों से बेरहमी से पीट दिया। मारपीट में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से खून बहने लगा। पूरी घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया पुलिस प्रशासन
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। इसके बाद डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंप दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्दी का सम्मान तभी बना रहेगा, जब नियमों का पालन आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी समान रूप से करेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






