नोएडा में बारिश से बढ़ी परेशानी, गौर सिटी गोलचक्कर पर भारी जाम, बारिश से बचने के लिए रुके बाइक सवार, यातायात प्रभावित

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल के पास बारिश के दौरान बाइक सवारों के फुटओवर ब्रिज के नीचे रुकने से लंबा जाम लग गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बस शेल्टर की कमी पर नाराजगी जताई है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज बारिश के दौरान एक अजीब स्थिति देखने को मिली, जब बाइक सवारों ने बारिश से बचने के लिए गौर सिटी मॉल के पास बने फुटओवर ब्रिज के नीचे रुकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां बाइकें इतनी संख्या में जमा हो गईं कि सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित हो गया।


बारिश शुरू होते ही बढ़ी भीड़, सड़क पर लग गई कतार

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हुई, जिसके बाद कई बाइक सवार गौर सिटी गोल चक्कर के पास फुटओवर ब्रिज के नीचे रुक गए। चंद ही मिनटों में वहां बड़ी संख्या में बाइकें खड़ी हो गईं, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस कारण कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया।


वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस को नहीं मिली सूचना

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, इस जाम की कोई औपचारिक सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। बताया जा रहा है कि बारिश हल्की होने के बाद बाइक सवार धीरे-धीरे वहां से हट गए और यातायात सामान्य हो गया।


स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल, सुविधाओं की कमी पर नाराजगी

स्थानीय निवासियों ने इस स्थिति के लिए प्रशासन और प्राधिकरण की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में बारिश के दौरान रुकने के लिए कोई उचित स्थान या बस शेल्टर नहीं है, जिसके कारण लोग मजबूरी में फुटओवर ब्रिज के नीचे खड़े होते हैं। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द बस शेल्टर बनाए जाएं ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *