समाजवादी पार्टी का बड़ा अभियान, दादरी परिवर्तन यात्रा के जरिए गांव-गांव पहुंचकर जनता से संवाद करेगी सपा
- Shiv Kumar
- 05 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के बिसरख गांव से समाजवादी पार्टी की दादरी परिवर्तन यात्रा का रविवार को साइकिल रैली के साथ शुभारंभ हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस अभियान की शुरुआत समाजवादी पार्टी युवा जनसभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम से हुई। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी युवा जनसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यात्रा का उद्देश्य दादरी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाना और लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना बताया गया।
रोज पांच गांवों में पहुंचेगी परिवर्तन यात्रा
दादरी परिवर्तन यात्रा प्रतिदिन दादरी विधानसभा क्षेत्र के पांच गांवों का दौरा करेगी। यात्रा के दौरान पार्टी नेता किसानों, युवाओं, होमबायर्स और कच्ची कॉलोनियों से जुड़े मुद्दों पर लोगों से संवाद करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से स्थानीय समस्याओं को समझकर उन्हें प्रमुखता से उठाया जाएगा। साइकिल रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने कई गांवों में लोगों से मुलाकात कर यात्रा के उद्देश्य की जानकारी भी दी।
2027 चुनाव से जोड़कर देखी जा रही पहल
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस यात्रा को वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआती कवायद के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहम्मद फहद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस यात्रा के जरिए आम जनता तक पहुंचेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में मजदूर, किसान और गरीब वर्ग परेशान है। साथ ही दावा किया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और इसकी शुरुआत दादरी विधानसभा से होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






