नोएडा में शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 38 लाख की ठगी, दो पीड़ितों की शिकायत पर FIR दर्ज
- Shiv Kumar
- 07 Jul, 2026
शेयर बाजार में घर बैठे मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के दो निवेशकों से करीब 38 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पहले निवेश पर अच्छा रिटर्न दिखाकर दोनों का भरोसा जीता और बाद में अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। जब पीड़ितों ने अपनी रकम निकालनी चाही तो टैक्स और खाता फ्रीज होने का बहाना बनाकर अतिरिक्त रकम मांगी गई। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आईपीओ निवेश के नाम पर 20 लाख की ठगी
सेक्टर-75 निवासी सारांश ने पुलिस को बताया कि फरवरी 2025 में उनके व्हाट्सएप पर पंकज नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया। उसने आईपीओ में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया और एक ट्रेडिंग एप पर पंजीकरण कराया। शुरुआत में कम निवेश पर लाभ दिखाकर कुछ रकम वापस भी दिलाई गई, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने 11 किस्तों में करीब 20 लाख रुपये बताए गए बैंक खातों में जमा कर दिए। जब रकम निकालने का प्रयास किया तो टैक्स और खाता फ्रीज होने का बहाना बनाकर और पैसे मांगे गए।
रिटायर कर्मचारी से 18 लाख रुपये ठगे
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी संजय रस्तोगी ने भी इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में युविका नाम की महिला ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर शेयर बाजार में निवेश से अधिक मुनाफे का भरोसा दिलाया। झांसे में आकर उन्होंने जनवरी 2026 तक चार किस्तों में करीब 18 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में रकम निकालने पर उनसे भी अतिरिक्त भुगतान की मांग की गई। इंकार करने पर आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। दोनों पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






