ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, कार चला रही महिला ने 5 बच्चों को मारी टक्कर, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
- Shiv Kumar
- 08 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित पंचशील ग्रीन्स-2 सोसाइटी के बाहर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार चला रही एक महिला से अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। हादसे में स्कूल बस का इंतजार कर रहे कई बच्चे घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने महिला चालक को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों पर गिरी स्कूटी
पुलिस के अनुसार, पंचशील ग्रीन्स-2 में रहने वाली एक महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए कार से सोसाइटी से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान अचानक उनका पैर एक्सीलेटर पर ज्यादा दब गया, जिससे कार नियंत्रण से बाहर हो गई। तेज रफ्तार कार पहले सर्विस लेन में खड़ी एक स्कूटी से टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पास में स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों के ऊपर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों को संभाला।
पुलिस बोली- बच्चों को आईं हल्की चोटें, कार्रवाई शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बच्चों को केवल हल्की चोटें आई हैं और सभी की हालत सामान्य है। एडीसीपी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला कार चलाना सीख रही थी और गलती से एक्सीलेटर अधिक दब जाने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने कार (UP16CW4240) को कब्जे में ले लिया है और महिला चालक से पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय सोसाइटी के बाहर बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल बस का इंतजार करते हैं। ऐसे में इस तरह का हादसा चिंता का विषय है। लोगों ने मांग की है कि स्कूल बस स्टॉप के आसपास सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






