ग्रेटर नोएडा में शराब के नशे में युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस जीप पर चढ़कर किया हंगामा, वीडियो वायरल
- Shiv Kumar
- 08 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक युवक द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है। युवक का पुलिस जीप पर चढ़कर हंगामा करने और एक पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़कर धक्का देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
दुर्घटनाग्रस्त कार की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई 2026 को थाना जेवर क्षेत्र में एक कार के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कार चालक जय चौधरी अचेत अवस्था में मिला। पुलिस उसे इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जा रही थी। इसी दौरान युवक अचानक गाड़ी से उतरने की कोशिश करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उसने नशे की हालत में उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
पुलिसकर्मियों से बदसलूकी, मेडिकल में नशे की पुष्टि
बताया गया कि युवक ने पुलिस जीप पर चढ़कर हंगामा किया और एक पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़कर धक्का भी दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल परीक्षण में भी युवक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी की पहचान जय चौधरी पुत्र अशोक कुमार, निवासी ग्राम श्यारौल, थाना टप्पल, जनपद अलीगढ़ के रूप में की है। थाना जेवर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






