पहली बारिश में ही डूबा नोएडा-ग्रेटर नोएडा लिंक रोड, कुलेसरा में सड़क बनी तालाब, प्राधिकरण के दावों की खुली पोल
- Shiv Kumar
- 08 Jul, 2026
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मानसून की पहली झमाझम बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जलभराव मुक्त सड़क के दावों की भी पोल खोल दी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई बारिश के बाद नोएडा को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर कुलेशरा के पास भारी जलभराव हो गया। पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई, जिससे कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए और यातायात धीमा पड़ गया।
कुलेशरा में सड़क पर भरा पानी, वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
बारिश के बाद कुलेशरा इलाके में सड़क पर इतना पानी भर गया कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। कई गाड़ियां पानी में बंद हो गईं, जबकि लंबा ट्रैफिक जाम लगने से लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान इस सड़क पर यही हालात बनते हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता।
पहली ही बारिश में फेल हुई जल निकासी व्यवस्था
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण हर वर्ष मानसून से पहले जलभराव मुक्त सड़क और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम का दावा करता है, लेकिन इस बार भी पहली ही बारिश में व्यवस्था जवाब देती नजर आई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों और ड्रेनेज की सफाई की जाती तो सड़क पर इतना पानी जमा नहीं होता।
IMD का येलो अलर्ट, अगले कई दिनों तक बारिश के आसार
भारत मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार और गुरुवार के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, क्षेत्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और पश्चिमी विक्षोभ का भी असर बना हुआ है। 10 से 13 जुलाई तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि हवा में नमी लगभग 80 प्रतिशत रहेगी।
राहत भी, चुनौती भी
बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली है, लेकिन जलभराव ने शहर की आधारभूत सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आने वाले दिनों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा तो कई अन्य निचले इलाकों में भी जलभराव की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में प्रशासन के लिए ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त रखना बड़ी चुनौती होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






