नोएडा में बारिश से सड़कें बनीं तालाब, कॉलोनियों में जलभराव, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
- Shiv Kumar
- 09 Jul, 2026
नोएडा में बुधवार से शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी लगातार जारी रही। लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए दिनभर बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। अब तक जिले में करीब 153 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। बारिश से बिगड़े हालात को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने क्यूआरटी (Quick Response Team) और कॉल सेंटर को सक्रिय कर दिया है तथा जलभराव वाले 28 स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकासी का काम शुरू करा दिया है।
बारिश से सड़कें डूबीं, कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित
लगातार बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर-25ए एडोब, मोदी मॉल, नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-57 समेत कई स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल बंद हो गए, जिससे लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और मैनुअली ट्रैफिक संचालन कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एक्सप्रेसवे से लेकर बाजारों तक जलभराव
बारिश का असर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, फिल्म सिटी मार्ग, अट्टा बाजार, सेक्टर-15 नयाबांस, एलिवेटेड रोड से सेक्टर-61 उतरने वाले मार्ग, सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर और पर्थला सिग्नेचर ब्रिज के नीचे भी देखने को मिला, जहां घंटों जाम लगा रहा। इसके अलावा सेक्टर-19 टेलीफोन एक्सचेंज, सेक्टर-31 निठारी, सेक्टर-21ए पेट्रोल पंप, सेक्टर-58, खोड़ा कॉलोनी रोड और सर्फाबाद गांव सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। नोएडा प्राधिकरण ने 28 संवेदनशील स्थानों पर पंप और कर्मचारियों की तैनाती कर पानी निकासी का अभियान शुरू किया है।
QRT और कॉल सेंटर सक्रिय, शिकायत मिलते ही पहुंचेगी टीम
बारिश से उत्पन्न आपात स्थितियों से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और कॉल सेंटर को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। लोगों की शिकायतों के लिए 0120-2423795 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। प्राधिकरण का कहना है कि शिकायत मिलते ही संबंधित टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर जलभराव और अन्य समस्याओं का समाधान करेगी। वहीं, बुधवार को विधायक पंकज सिंह ने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर जलनिकासी व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आधुनिक तकनीक अपनाने के निर्देश दिए थे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






