ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, धान की रोपाई कर घर लौट रहे मजदूरों को कुचला, 3 मजदूरों की मौत
- Shiv Kumar
- 09 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन मजदूरों को स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही तीनों मजदूर उछलकर सड़क किनारे दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जेवर के कैलाश अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
धान की रोपाई का काम खत्म कर लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे जेवर कोतवाली क्षेत्र के जेवर-खुर्जा मार्ग पर नीमका गांव के सामने हुआ। मृतकों की पहचान बिहार के अररिया जिले के रहने वाले करन (22), विश्वजीत (24) और मिथुन (25) के रूप में हुई है। तीनों मजदूर धान की रोपाई के लिए ग्रेटर नोएडा आए थे। बुधवार रात खेतों में काम खत्म करने के बाद तीनों पैदल ही नीमका गांव की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दूर जा गिरे तीनों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी ज्यादा थी। टक्कर लगने के बाद तीनों मजदूर सड़क किनारे खेत में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पुलिस ने मौके से जुड़े साक्ष्य जुटाए और वाहन की पहचान के प्रयास शुरू किए।
आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल स्कॉर्पियो की पहचान कर ली गई है। मृतकों के परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन की तलाश और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






