ग्रेटर नोएडा में सनसनी, सोते हुए बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से हमला, हालत गंभीर, वारदात के बाद कार सवार आरोपी फरार
- Shiv Kumar
- 10 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र स्थित इमलिया गांव में देर रात घेर में सो रहे एक बुजुर्ग पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने लाठी-डंडों से बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
कार सवार बदमाश वारदात के बाद फरार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग अपने घेर में सो रहे थे, तभी कार से पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए और गंभीर रूप से घायल करने के बाद मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू
घटना की सूचना पर ईकोटेक-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






