नोएडा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, परीक्षित खटाना बने नए अपर आयुक्त, संदीप भागिया का तबादला
- Shiv Kumar
- 10 Jul, 2026
उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात सचिव और विशेष सचिव स्तर के 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में नई तैनातियां की गई हैं। शासन के इस फैसले से गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, आजमगढ़, इटावा और बलिया समेत कई जिलों के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव हुआ है।
संदीप भागिया बने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी
तबादला सूची के अनुसार, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में अपर आयुक्त राज्य कर के पद पर तैनात संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) का प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया गया है। वहीं आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना को गौतमबुद्धनगर में अपर आयुक्त राज्य कर की जिम्मेदारी दी गई है। इटावा के मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम को गाजियाबाद प्रथम में अपर आयुक्त राज्य कर बनाया गया है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
राजस्व विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत सुधा वर्मा को श्रमायुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आजमगढ़, बलिया और इटावा के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पदों पर भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। सरकार का कहना है कि प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
चर्चाओं में रहे संदीप भागिया
संदीप भागिया पिछले कुछ समय से विभिन्न कारणों से चर्चा में रहे हैं। उनके खिलाफ महिला अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा हाल ही में एक बैठक के दौरान सहकर्मी के साथ हुए विवाद का मामला भी सुर्खियों में रहा। हालांकि इन मामलों में संबंधित जांच और वैधानिक प्रक्रियाएं अलग से जारी हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






