नोएडा में भाकियू की बड़ी घोषणा, अनिश प्रधान बने युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- Shiv Kumar
- 10 Jul, 2026
भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर-21 में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किसानों के विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया है। इस दौरान बाढ़ से प्रभावित किसानों की परेशानी, यूरिया की उपलब्धता और अन्य कृषि संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए समाधान का भरोसा दिया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसान आगामी विधानसभा चुनाव में अपने वोट के जरिए जवाब देंगे।
अनिश प्रधान को युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संगठन के विस्तार का भी ऐलान किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने सहारनपुर निवासी अनिश प्रधान को भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) का युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार युवाओं को जोड़कर किसान हितों की लड़ाई को और मजबूत बना रहा है। नई जिम्मेदारी मिलने पर अनिश प्रधान ने किसानों के अधिकारों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिलाया। संगठन के पदाधिकारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से किसान आंदोलन को नई ऊर्जा मिलेगी।
किसानों के मुद्दों पर सरकार को दिया अल्टीमेटम
धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि किसानों के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती बाढ़, खाद-बीज की उपलब्धता और यूरिया संकट जैसी समस्याएं हैं। सरकार को इन मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। यदि सरकार ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो संगठन प्रदेशभर में आंदोलन की रणनीति बनाएगा और किसान लोकतांत्रिक तरीके से विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत का एहसास कराएंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






