ग्रेटर नोएडा में विदेशी साइबर ठग गिरफ्तार, नाइजीरियाई नागरिक के पास मिले 5 लाख कैश और 16 मोबाइल

top-news
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 67 एटीएम, 16 मोबाइल, 5 लाख रुपये नकद और कार बरामद हुई है।

ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 67 एटीएम कार्ड, 8 स्मार्टफोन, 8 की-पैड मोबाइल फोन, डांगल पेपर, 5 लाख रुपये नकद और एक होंडा सिटी कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से साइबर अपराध की गतिविधियों में शामिल था और अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपना शिकार बनाता था। एनसीआरबी पोर्टल की जांच में आरोपी से बरामद एटीएम कार्ड से जुड़ी 43 साइबर ठगी की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।


लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से पकड़ा गया आरोपी

एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से शनिवार शाम ओमीक्रॉन-3 के सर्विस रोड से नाइजीरियाई नागरिक ओयोटोल ओरेमाडे को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है और भारत में स्टूडेंट वीजा पर आया था। जांच में पता चला कि आरोपी साइबर ठगी के लिए लोगों को पैसों का लालच देता था। इसके बाद उनके नाम पर सिम कार्ड खरीदवाकर बैंक खातों की जानकारी हासिल करता था। इन जानकारियों का इस्तेमाल वह इंटरनेट बैंकिंग और अन्य डिजिटल माध्यमों से ठगी की रकम निकालने के लिए करता था।


मैट्रिमोनियल साइट और गिफ्ट के बहाने करता था ठगी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ठगी के लिए कई तरह के तरीके अपनाता था। वह मैट्रिमोनियल साइट्स पर लोगों से संपर्क कर शादी का झांसा देता था और फिर धीरे-धीरे उनसे पैसे ऐंठता था।

इसके अलावा आरोपी दोस्ती के नाम पर महंगे गिफ्ट भेजने और कस्टम ड्यूटी के बहाने भी लोगों को जाल में फंसाता था। पीड़ितों से रकम लेने के बाद वह मोबाइल बैंकिंग और एटीएम के जरिए पैसे निकाल लेता था। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और संपर्क में रहे लोगों की जांच कर रही है।


43 साइबर शिकायतों से जुड़े मिले एटीएम कार्ड

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से बरामद एटीएम कार्ड की जांच एनसीआरबी पोर्टल पर की गई, जिसमें इन कार्डों से जुड़ी 43 साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन शिकायतों में कितनी रकम की ठगी हुई और आरोपी ने किन-किन राज्यों में वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में दूतावास और संबंधित अधिकारियों को भी सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *