ग्रेटर नोएडा में 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान, मंत्री सुनील शर्मा ने किया शुभारंभ, गौतमबुद्ध नगर में लगेंगे 11 लाख पौधे
- Shiv Kumar
- 12 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा में रविवार को 'एक पेड़ मां के नाम' वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा ने पौधारोपण कर की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में वृहद स्तर पर पौधे लगाए जा रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर जिले में इस बार 11 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर
रविवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति पौधों की संख्या अभी लगभग 28 है, जबकि आदर्श रूप से यह 400 होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से सिर्फ पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
गौतमबुद्ध नगर में 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों में प्रदेशभर में करोड़ों पौधे लगाए गए हैं। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष गौतमबुद्ध नगर में 11 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मेधा रूपम, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, एमएलसी नरेंद्र भाटी, श्रीचंद शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। स्कूली बच्चों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






