ग्रेटर नोएडा को हरा-भरा बनाने का संकल्प, सांसद सुरेंद्र नागर और प्रमुख सचिव ने किया मेगा पौधरोपण अभियान का आगाज

top-news
ग्रेटर नोएडा में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर वृहद पौधरोपण किया गया। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर और प्रमुख सचिव अनिल गर्ग ने अभियान में हिस्सा लिया। प्राधिकरण ने इस वर्ष 1.90 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है।

ग्रेटर नोएडा। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा में रविवार को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों ने पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान गौतमबुद्ध नगर से राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने सेक्टर-16बी स्थित पीएम वन (ग्रीन बेल्ट) में पौधरोपण किया, जबकि प्रमुख सचिव एवं जिले के नोडल अधिकारी अनिल गर्ग ने आईटी सिटी रोड स्थित जीरो पॉइंट के पास विकसित किए जा रहे शहरी वन क्षेत्र में पौधे लगाए।




राज्यसभा सांसद बोले- हरियाली बढ़ाने में हर नागरिक की हो भागीदारी

सेक्टर-16बी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि ग्रेटर नोएडा को हराभरा और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के लिए जनसहभागिता सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी एजेंसियों के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठन और आम नागरिक भी इस अभियान का हिस्सा बनें। सांसद ने बताया कि उनकी ओर से पीएम वन में हर महीने 30 पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने और एक स्थान पर समान प्रजाति के पौधे लगाने की सलाह भी दी। इस अवसर पर गिव मी ट्रीज ट्रस्ट और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




जीरो पॉइंट समेत कई ग्रीन बेल्ट में लगाए गए पौधे

प्रमुख सचिव अनिल गर्ग ने एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ सुमित यादव के साथ जीरो पॉइंट स्थित शहरी वन क्षेत्र में पौधरोपण किया। वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से रोजा याकूबपुर, सेक्टर-16 के रेलवे ट्रैक के पास, कोको काउंटी सोसाइटी, बैनेट यूनिवर्सिटी और सेक्टर पी-3 की ग्रीन बेल्ट में भी बड़े पैमाने पर पौधे लगाए गए। अभियान के दौरान पिलखन, नीम, जामुन, अमलतास और गुलमोहर जैसी प्रजातियों का रोपण किया गया। विभिन्न आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।




1.90 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, लोगों से की गई अपील

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस वर्ष पहले 1.34 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया था, जिसे प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बढ़ाकर लगभग 1.90 लाख कर दिया है। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घर, पार्क, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करें। उनका कहना है कि जनसहभागिता से ही ग्रेटर नोएडा को भविष्य में एक अधिक हरित और स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *