ग्रेटर नोएडा में सनसनी, स्कॉर्पियो के अंदर खून से लथपथ मिला युवक का शव, पास से तमंचा बरामद, जांच में जुटी पुलिस
- Shiv Kumar
- 13 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक स्कॉर्पियो कार के अंदर युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस गश्त के दौरान सर्विस रोड पर खड़ी संदिग्ध कार की जांच करने पहुंची तो चालक सीट पर युवक घायल अवस्था में मिला। उसके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ। पुलिस युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फोरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में खड़ी मिली स्कॉर्पियो
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की रात थाना सूरजपुर की लेपर्ड टीम नियमित गश्त पर थी। साईं मंदिर गोल चक्कर से डेल्टा-3 ओ ब्लॉक की ओर जाते समय सर्विस रोड पर एक स्कॉर्पियो-एन संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। कार की आगे और पीछे की लाइटें जल रही थीं। पुलिसकर्मियों ने चालक को वाहन हटाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर बैठे व्यक्ति की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पास जाकर देखने पर चालक सीट पर बैठे युवक के शरीर से खून बहता मिला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक की पहचान सौराज (36) पुत्र प्रेमराज के रूप में की है। वह मूल रूप से दिल्ली के जुमरथपुर गांव का निवासी था और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा की मिग्सन ग्रीन सोसायटी में रहता था। पुलिस को कार के अंदर से एक तमंचा भी मिला है। फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






