नोएडा में साइबर ठगी का नया जाल, फर्जी RTO चालान के नाम पर 15.55 लाख रुपये उड़ाए, WhatsApp हुआ हैक

top-news
ग्रेटर नोएडा में फर्जी RTO चालान की APK फाइल डाउनलोड करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। WhatsApp हैक होने के बाद साइबर ठगों ने बैंक खाते से RTGS के जरिए 14.55 लाख रुपये उड़ा दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने फर्जी RTO चालान के नाम पर एक व्यक्ति से 14.55 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने WhatsApp पर APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड कराया। जैसे ही पीड़ित ने फाइल इंस्टॉल कर उसमें मांगी गई जानकारी भरी, कुछ ही देर में उसका WhatsApp हैक हो गया और बैंक खाते से RTGS के जरिए लाखों रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


WhatsApp पर आया फर्जी RTO चालान, डाउनलोड करते ही हुआ फ्रॉड

कुलेसरा निवासी मनोज कुमार पटेल, जो मूल रूप से गुजरात के रहने वाले हैं और न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर कंपनी में कार्यरत हैं, ने पुलिस को बताया कि 3 जुलाई को उनके WhatsApp पर RTO चालान के नाम से एक APK फाइल भेजी गई। उन्होंने इसे असली नोटिस समझकर डाउनलोड कर लिया। इंस्टॉल करने के बाद फाइल में मांगी गई जानकारी भरते ही साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल और WhatsApp तक पहुंच बना ली। इसके बाद बैंकिंग सेवाओं का दुरुपयोग करते हुए खाते की ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई गई और अलग-अलग RTGS ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 14.55 लाख रुपये निकाल लिए गए।


बैंक और साइबर हेल्पलाइन को दी सूचना, पुलिस जांच में जुटी

खाते से रकम निकलने का मैसेज मिलने पर मनोज कुमार ने तुरंत अपने बैंक और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने ग्रेटर नोएडा साइबर क्राइम थाने में भी एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस अब उन बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और IP एड्रेस की जांच कर रही है, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया। साथ ही ट्रांसफर की गई रकम को फ्रीज कराने का प्रयास भी किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान APK फाइल या लिंक को डाउनलोड न करें और केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही एप्लिकेशन इंस्टॉल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *