ऑटो में बैठाकर लूट करने वाले गैंग का भंडाफोड़, नोएडा पुलिस ने 2 बदमाश दबोचे, मोबाइल, नकदी और टेंपो बरामद
- Shiv Kumar
- 14 Jul, 2026
नोएडा के थाना सेक्टर-63 पुलिस ने ऑटो में सवारी बैठाकर सुनसान जगह पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 2,250 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त ऑटो और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह रात के समय यात्रियों को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाता था और मोबाइल, नकदी सहित ऑनलाइन बैंक खातों से भी रकम ट्रांसफर करा लेता था। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह ले जाते थे, फिर करते थे लूट
पुलिस के मुताबिक, 24-25 जून 2026 की रात एक युवक ने सेक्टर-63 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन बदमाश उसे बरौला जाने के बहाने टेंपो में बैठाकर पर्थला पुल से सेक्टर-80 की सर्विस रोड पर ले गए। वहां आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। इतना ही नहीं, उसके मोबाइल के जरिए ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कर लिए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-63 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
गोपनीय सूचना पर दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार
14 जुलाई को पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बी-1 चौराहे के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप की ओर जाने वाली सर्विस रोड से दानिश मलिक और चंदन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 2,250 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो (UP16KT6155) और एक अवैध चाकू बरामद किया। ऑटो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
पूछताछ में खुलासा, कई वारदातों को दिया अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चंदन पहले चाय की दुकान चलाता था, जबकि दानिश रात में ऑटो चलाता था। दोनों ने मिलकर लूटपाट की योजना बनाई थी। वे अलग-अलग स्थानों से सवारी बैठाते और सुनसान इलाके में ले जाकर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे। इसके बाद पीड़ित को वहीं छोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






