ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 में खत्म होगा अंधेरा, रात में अधिकारियों ने किया निरीक्षण, जल्द लगेंगी सभी स्ट्रीट लाइटें

top-news
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का रात्रिकालीन निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण ने अधूरी प्रकाश व्यवस्था जल्द पूरी करने का भरोसा दिया है। डेकोरेटिव लाइटिंग और नई सुविधाओं से क्षेत्र को आधुनिक और सुरक्षित बनाया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र को पूरी तरह रोशन और सुरक्षित बनाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात क्षेत्र का निरीक्षण कर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था अधूरी मिली, वहां जल्द पोल और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पूरा ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र आधुनिक और पूरी तरह प्रकाशमय नजर आएगा।


रात्रिकालीन निरीक्षण में व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा

रात्रि करीब 8 बजे IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक, वरिष्ठ प्रबंधक अजीतभाई पटेल, प्रबंधक विपिन कुमार और तकनीकी अधिकारी नेत्रपाल के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। टीम ने हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की कार्यप्रणाली, प्रकाश की गुणवत्ता और लक्स लेवल की जांच की। जिन स्थानों पर पोल नहीं होने से लाइटें नहीं लग सकी हैं, उन्हें चिन्हित कर जल्द स्थापना का आश्वासन दिया गया। साथ ही पेड़ों की शाखाओं से बाधित रोशनी को बेहतर बनाने के लिए हॉर्टिकल्चर विभाग को छंटाई कराने के निर्देश भी दिए गए।


प्रमुख मार्गों और प्रवेश द्वारों पर होगी बेहतर रोशनी

निरीक्षण के दौरान चौगानपुर गोलचक्कर से घंटा चौक और घंटा चौक से पुलिस लाइन तक के मार्ग का भी सर्वे किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन मार्गों पर भी जल्द बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा ईकोटेक-3 के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर आकर्षक डेकोरेटिव लाइटिंग लगाकर औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक और सौंदर्यपूर्ण स्वरूप दिया जाएगा। निरीक्षण में IBA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, सेक्टर सचिव अरविंद भाटी और कार्यकारिणी सदस्य संजय पांचाल भी मौजूद रहे।


IBA और प्राधिकरण ने जताया भरोसा, जल्द बदलेगी औद्योगिक क्षेत्र की तस्वीर

IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि प्राधिकरण के साथ मिलकर उनका स्थायी समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से सड़क, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है। वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. ने कहा कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। ओएसडी अभिषेक पाठक ने भी भरोसा दिलाया कि जल्द ही शेष स्ट्रीट लाइटों का कार्य पूरा कर ईकोटेक-3 को पूरी तरह प्रकाशमय बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *