ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 RWA का बड़ा फैसला, पार्कों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए लागू किए नए नियम, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
- Shiv Kumar
- 14 Jul, 2026
सेक्टर बीटा-1 के पार्कों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित बनाए रखने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने नई व्यवस्था लागू की है। पार्कों का उपयोग करने वाले लोगों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और सभी पार्कों में सूचना पट्ट भी लगाए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। RWA का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पार्कों की सुंदरता बनाए रखने के साथ-साथ निवासियों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
पार्कों में इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
RWA की ओर से लगाए गए सूचना पटों में स्पष्ट किया गया है कि पार्कों में कुत्ते लाना, क्रिकेट और फुटबॉल खेलना, फूल तोड़ना तथा पार्क की बेंच हटाना प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा पार्क परिसर में बैठकर शराब पीना, अश्लील हरकत करना और कूड़ा-कचरा इधर-उधर फेंकना भी पूरी तरह वर्जित होगा। लोगों से अपील की गई है कि कचरा केवल निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि पार्कों की स्वच्छता बनी रहे।
रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक प्रवेश प्रतिबंधित
RWA ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्कों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक प्रवेश पर भी रोक लगा दी है। कार्यकारिणी के अनुसार इन नियमों का उद्देश्य पार्कों में अनुशासन बनाए रखना, असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना और सभी आयु वर्ग के लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। निर्देशों का उल्लंघन करने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस अवसर पर RWA संरक्षक देवी शरण शर्मा, विनोद कसाना, अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेंद्र भाटी, कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी, उपाध्यक्ष राजबीर सिंह, सचिव ओम प्रकाश शर्मा, रेसपाल भाटी, जयपाल चौधरी, अनवर हुसैन, सुरेंद्र सैनी, विनोद सोलंकी, आर.के. तिवारी, विवेक तालान और ओम विधा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






