नोएडा में भारतीय किसान संगठन का सरकार पर हमला, खाद-बीज और बिजली संकट पर 22 जुलाई को कमिश्नर कार्यालय का घेराव

top-news
नोएडा में भारतीय किसान संगठन की बैठक में खाद-बीज की कमी, बिजली संकट और किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा गया। संगठन ने 22 जुलाई को मेरठ मंडल आयुक्त को ज्ञापन देने और समाधान न होने पर लखनऊ कूच की चेतावनी दी।

नोएडा सेक्टर-52 स्थित भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में मंगलवार को मेरठ मंडल और सहारनपुर मंडल के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ठाकुर राजपाल सिंह ने की, जिसमें दोनों मंडलों के जिला अध्यक्षों के साथ राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में किसानों के सामने आ रही खाद-बीज की कमी, बिजली आपूर्ति और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन ने प्रदेश सरकार से इन समस्याओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


22 जुलाई को सौंपा जाएगा ज्ञापन, समाधान न होने पर लखनऊ कूच की चेतावनी

बैठक में भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार के आंकड़ों में खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता दिखाई जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसान लंबी कतारों में खड़े होकर परेशान हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि व्यवस्था पूरी तरह ठीक है तो किसानों को खाद-बीज के लिए संघर्ष क्यों करना पड़ रहा है। संगठन ने निर्णय लिया कि किसानों की समस्याओं को लेकर 22 जुलाई को मेरठ मंडल आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान संगठन लखनऊ कूच करेगा।


बिजली आपूर्ति और किसानों के अधिकारों पर भी उठाए सवाल

राजेन्द्र यादव ने कहा कि धान की रोपाई के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी दिन में काम करने के बाद रात में आराम करते हैं, लेकिन किसान पूरी रात बिजली आने का इंतजार करता है। उन्होंने सरकार से किसानों को भी समय पर बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही प्रदेश में चल रहे राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के दौरान किसानों और प्रशासन के बीच बढ़ते विवादों पर चिंता जताते हुए सरकार से इस दिशा में भी ठोस कदम उठाने की अपील की। बैठक में ठाकुर रणवीर प्रमुख, रामपाल शर्मा, फजर मोहम्मद, हसीन चौधरी, विकल सिंह गौतम, लोकेश नागर, दीपू यादव, वासु चौधरी, उम्मेद प्रधान, कारी अहमद, सतपाल कश्यप, बाबू नागर, अजब सिंह, रहीसुद्दीन, शिवनारायण सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *