नोएडा में दो बड़े हादसों की जांच शुरू, इंजीनियर की मौत और मार्केट लिंटर गिरने के मामले में जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई

top-news
नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-58 में इंजीनियर की मौत और सेक्टर-33 में निर्माणाधीन मार्केट का लिंटर गिरने के मामलों की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों पर कार्रवाई की जाएगी।

सेक्टर-58 में बारिश के दौरान इंजीनियर आर्यन की मौत और सेक्टर-33 में निर्माणाधीन मार्केट का लिंटर गिरने की घटनाओं को नोएडा प्राधिकरण ने गंभीरता से लिया है। दोनों मामलों की जांच अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) वंदना त्रिपाठी ने जनरल मैनेजर (जीएम) एसपी सिंह को सौंप दी है। जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे प्राधिकरण के सीईओ को भेजा जाएगा, जिसके आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों, ठेकेदारों या संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


बारिश के दौरान नाले में गिरने से गई इंजीनियर की जान

10 जुलाई को सेक्टर-58 में रहने वाले इंजीनियर आर्यन सुबह करीब 9:15 बजे ड्यूटी पर जा रहे थे। लगातार बारिश के कारण सड़क पर जलभराव था। बताया जा रहा है कि पानी से बचने के लिए वह नाले के ऊपर बने स्लैब से गुजर रहे थे, लेकिन वहां दो से तीन स्लैब गायब होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में गिर पड़े। इसी दौरान पास के बिजली पोल में शॉर्ट सर्किट होने से उन्हें करंट लगने की आशंका जताई गई। हालांकि उनकी मौत की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।


निर्माणाधीन मार्केट में लिंटर गिरने से तीन मजदूर घायल

दूसरी घटना सेक्टर-33 की है, जहां निर्माणाधीन मार्केट में दुकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


सुरक्षा मानकों की होगी गहन जांच

नोएडा प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से जानकारी जुटाएंगे। जांच में यह भी देखा जाएगा कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं बरती गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी अधिकारी, ठेकेदार या एजेंसी की जिम्मेदारी तय होती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *