नोएडा को मिली बड़ी सौगात, चिल्ला एलिवेटेड के लिए पीएम गति शक्ति से मिलेंगे 200 करोड़, 54 प्रतिशत काम पूरा
- Shiv Kumar
- 14 Jul, 2026
दिल्ली और नोएडा के बीच ट्रैफिक जाम की बड़ी समस्या को खत्म करने की दिशा में चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना को नई रफ्तार मिलने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पीएम गति शक्ति योजना के तहत 200 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। इसे लेकर बुधवार को नोएडा प्राधिकरण में एनएचएआई, उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन और प्राधिकरण के अधिकारियों की अहम बैठक होगी। प्राधिकरण पहले ही डिमांड लेटर भेज चुका है। बैठक में परियोजना की मौजूदा प्रगति की समीक्षा के साथ आगे की कार्ययोजना पर चर्चा होगी। करीब 892.75 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली-नोएडा के बीच आवागमन काफी आसान होगा और लाखों लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
54 प्रतिशत निर्माण पूरा, दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
चिल्ला एलिवेटेड रोड की कुल लंबाई 5.570 किलोमीटर होगी और इसे छह लेन का बनाया जा रहा है। परियोजना के तहत एलिवेटेड रोड शाहदरा ड्रेन के समानांतर कालिंदी कुंज रोड को पार करते हुए सेक्टर-94 से जोड़ी जाएगी। सेक्टर-94 तक करीब दो किलोमीटर लंबा अतिरिक्त एलिवेटेड लिंक रोड भी प्रस्तावित है, जिसकी डीपीआर आईआईटी तैयार कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का लगभग 54 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अब तक 1567 में से 1286 पाइल्स, 271 में से 181 पाइल कैप्स, 271 में से 122 पियर शाफ्ट और 1310 में से 378 गर्डरों की कास्टिंग पूरी हो चुकी है। लगभग 185.48 करोड़ रुपये का निर्माण कार्य कराया जा चुका है और परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पांच लाख लोगों को मिलेगा फायदा, जाम से मिलेगी राहत
परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा प्रवेश द्वार से लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे तक ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। वाहन चालकों को सिग्नल और जाम में फंसने की बजाय सीधे एलिवेटेड रोड से गुजरने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए पांच स्थानों पर लूप भी बनाए जा रहे हैं, जिससे विभिन्न सेक्टरों और मुख्य मार्गों तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी। अधिकारियों का कहना है कि प्रतिदिन करीब पांच लाख वाहन चालकों को इस परियोजना का सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही दिल्ली और नोएडा के बीच यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






