50 फीट गहरे कुएं में फंसा गोवंश, रेस्क्यू टीम ने दिखाई तत्परता, खुले कुओं को लेकर लोगों में नाराजगी
- Shiv Kumar
- 14 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 50 फीट गहरे कुएं में गिरे गोवंश की जान बचाई गई। रुस्तमपुर गांव के पास हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और गौरक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे। अंधेरे और गहरे कुएं के कारण बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकालने के बाद उसकी हालत गंभीर थी, जिसके चलते तत्काल प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस और गौरक्षक दल के संयुक्त प्रयास की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
हाइड्रा मशीन की मदद से शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे रुस्तमपुर गांव के पास एक गोवंश अचानक खुले कुएं में गिर गया था। घटना की जानकारी मिलते ही गौरक्षक दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और गौर सिटी चौकी प्रभारी आशीष यादव को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाइड्रा मशीन मंगाई। करीब 50 फीट गहरे कुएं से गोवंश को निकालने के लिए काफी सावधानी बरती गई, क्योंकि रात का समय होने के कारण रेस्क्यू में काफी मुश्किलें आ रही थीं। पुलिस और गौरक्षकों ने मिलकर अभियान पूरा किया और गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला।
खुले कुओं और बोरवेल को लेकर उठे सवाल
गौरक्षक तनिष्क पंडित ने बताया कि रात में बचाव अभियान चलाना काफी कठिन था। कुएं से बाहर निकालने तक गोवंश को चोटें आ चुकी थीं, जिसके बाद उसका इलाज कराया गया। वहीं गौरक्षक दल प्रमुख त्रिलोक गुर्जर (नवादा) ने जंगल क्षेत्र में खुले कुओं और बोरवेल को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं और कई बार प्राधिकरण को इसकी जानकारी दी गई है, लेकिन अभी तक खुले कुओं को सुरक्षित करने की ठोस व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो गौरक्षक दल प्राधिकरण के खिलाफ आंदोलन करेगा। रेस्क्यू अभियान में योगेश नागर, जुगेंद्र भाटी, मोहित ठाकुर, कृष्णा भाटी, हर्ष भाटी, धर्मेंद्र, मोहित, ललित, सौरव समेत कई गौरक्षक और कांस्टेबल दीपेंद्र अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






