ग्रेटर नोएडा का दिल 'परी चौक' बदहाल! कचरे के ढेर, गंदे पार्क और जलभराव पर उठे सवाल, आखिर जिम्मेदार कौन?

top-news
ग्रेटर नोएडा के परी चौक और आसपास के पार्कों में गंदगी, जलभराव और अव्यवस्था को लेकर एक्टिव सिटीज़न टीम ने GNIDA पर सवाल उठाए हैं। टीम ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में तत्काल सफाई और स्थायी समाधान की मांग की है।

ग्रेटर नोएडा के प्रमुख प्रवेश द्वार और शहर की पहचान माने जाने वाले परी चौक की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर एक्टिव सिटीज़न टीम ने एक बार फिर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (GNIDA) पर सवाल उठाए हैं। टीम का आरोप है कि करोड़ों रुपये के टेंडर होने के बावजूद शहर के प्रमुख मार्ग, पार्क और फुटपाथ गंदगी से पटे हुए हैं। उनका कहना है कि यदि शहर का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र ही बदहाल रहेगा तो ग्रेटर नोएडा की छवि पर भी असर पड़ेगा।



पार्क और मुख्य सड़कें बनीं कचरे का अड्डा

एक्टिव सिटीज़न टीम के सदस्य हरेंद्र भाटी ने कहा कि सेक्टर गामा-1 एसके रोड, अमृतपुरम ग्रीन से लेकर परी चौक तक कई पार्कों में कचरा, सूखे पत्ते, प्लास्टिक और थर्माकोल का ढेर लगा हुआ है। मुख्य मार्गों पर अवैध ठेलों और दुकानों के कारण गंदगी बढ़ रही है। वहीं फुटपाथों पर लंबे समय से जलभराव बना हुआ है, जिससे मच्छरों के पनपने और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।




दो महीने पहले भी उठाया था मुद्दा

टीम का कहना है कि करीब दो महीने पहले भी परी चौक क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया गया था। उस समय कुछ स्थानों पर औपचारिक कार्रवाई की गई, लेकिन बाद में हालात फिर पहले जैसे हो गए। उनका आरोप है कि अधिकारियों की निगरानी और ठेकेदारों की जवाबदेही दोनों ही कमजोर हैं, जिसके कारण सफाई व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है।


प्राधिकरण से स्थायी समाधान की मांग

एक्टिव सिटीज़न टीम ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से पूरे क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान चलाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, जलभराव की समस्या दूर करने और पार्कों की उचित देखरेख सुनिश्चित करने की मांग की है। टीम का कहना है कि शहरवासी करों का भुगतान बेहतर सुविधाओं के लिए करते हैं, इसलिए केवल आश्वासन नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *