गौतमबुद्धनगर पुलिस की साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, 8 फर्जी कॉल सेंटर पकड़े, 49 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और सैकड़ों सिम-कार्ड बरामद
- Shiv Kumar
- 15 Jul, 2026
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए गए प्रदेशव्यापी विशेष अभियान ऑपरेशन 'Cy-Vajra' के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में डिजिटल और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर चलाए गए अभियान में 8 अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया। इस दौरान 700 से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े 49 आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। शुरुआती जांच में इनका संबंध 60 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी से सामने आया है।
8 अवैध कॉल सेंटर पकड़े, भारी मात्रा में सामान बरामद
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले 67 मोबाइल फोन, 19 लैपटॉप, 76 सिम कार्ड, 81 डेबिट/क्रेडिट कार्ड और 5 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ गिरोह साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनकी खरीद-फरोख्त का काम कर रहे थे। पुलिस ने ऐसे नेटवर्क से जुड़े लोगों को भी गिरफ्तार किया है, जो साइबर अपराधियों को सक्रिय सहयोग दे रहे थे।
नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं, जिनका संबंध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कई शिकायतों से पाया गया है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों का फॉरेंसिक परीक्षण करा रही है, ताकि साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
साइबर अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन 'Cy-Vajra' का उद्देश्य अवैध कॉल सेंटर, म्यूल बैंक खातों और संदिग्ध बैंकिंग गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर लगातार कार्रवाई कर रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या NCRP पोर्टल पर दर्ज कराएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना नजदीकी पुलिस को दें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






