17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा में होगा आप किसान विंग का महा सम्मेलन, किसानों के मुद्दों पर बनेगी रणनीति
- Shiv Kumar
- 15 Jul, 2026
आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर आगामी 17 जुलाई को आयोजित होने वाले किसान सम्मेलन की घोषणा की। पार्टी के किसान विंग की ओर से यह सम्मेलन ग्रेटर नोएडा के पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से किसान प्रकोष्ठ के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। वहीं, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दिल्ली के कई विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
किसानों की समस्याओं पर होगी विस्तृत चर्चा
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आप किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कमांडो ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेशभर से आए किसान प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखेंगे। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध न होना, खाद के लिए लंबी कतारें, लगातार बिजली कटौती, बाढ़ और ओलावृष्टि से फसल नुकसान के बावजूद उचित मुआवजा न मिलना जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जाएंगे। इसके अलावा तहसीलों और थानों में किसानों के साथ होने वाले उत्पीड़न, दलाली और जमीनों पर अवैध कब्जों जैसे मामलों पर भी चर्चा होगी।
संजय सिंह के सामने रखे जाएंगे प्रमुख मुद्दे
अशोक कमांडो ने कहा कि सम्मेलन में किसानों से जुड़े सभी अहम मुद्दे राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के समक्ष रखे जाएंगे। इन समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाएगी और किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय, शोषण या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






